Aurangabad:रफीगंज: दिल्ली जाने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिजनों में कोहराम
Magadh Express: पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेल खंड स्थित रफीगंज रेलवे स्टेशन के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली मजदूरी करने जा रहा एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार, रफीगंज के फिता बिगहा निवासी 48 वर्षीय मोहम्मद इकबाल (पिता- मोहम्मद इश्याक) मजदूरी के लिए दिल्ली जाने वाले थे। रविवार दोपहर लगभग 2:00 बजे, वे स्टेशन जाने के लिए पश्चिमी केबिन के समीप रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में वह आ गए।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के ASI ब्रजेश पांडे व प्रधान आरक्षी आत्मा शंकर यादव ने तत्परता दिखाई। इकबाल को जीवित समझकर तुरंत रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां तैनात डॉक्टर जमील अख्तर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक की पत्नी सलमा खातून ने रोते हुए बताया कि उनके पति घर की माली हालत सुधारने के लिए मजदूरी करने दिल्ली जा रहे थे। उनके पास यात्रा के लिए वैध टिकट भी था, लेकिन स्टेशन पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया। मोहम्मद इकबाल अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से फिता बिगहा गांव में शोक की लहर है।