रफीगंज में दर्दनाक हादसा: अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से 70 वर्षीय वृद्ध की मौत, पहचान में जुटी पुलिस
रफीगंज (औरंगाबाद): पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। रफीगंज रेलवे स्टेशन से सटे अब्दुलपुर रेल पुल के पास पोल संख्या 508/8 से 508/10 के बीच एक 70 वर्षीय अज्ञात वृद्ध ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसआई विनोद कुमार, एएसआई राजीव कुमार और रेल पुलिस के जवान युगेंद्र राम मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा गया।

थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि यह हादसा अप लाइन पर हुआ है और प्राथमिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि वृद्ध को पीछे से आ रही ट्रेन ने टक्कर मार दी। फिलहाल मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक ने उजली धोती और नीली ट्राउजर पहन रखी थी। उनके पास एक झोला, टॉर्च और चादर भी मिला है। यह सभी सामान पुलिस ने जब्त कर लिया है ताकि परिजनों की पहचान में आसानी हो सके।
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि नियम के अनुसार शव को 72 घंटे तक थाना परिसर में सुरक्षित रखा जाएगा। इस दौरान अगर कोई व्यक्ति पहचान के लिए आगे आता है तो परिजनों को शव सौंपा जाएगा। यदि पहचान नहीं हो पाती है तो आगे की प्रक्रिया के तहत दफनाने की कार्रवाई की जाएगी।
रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन इस घटना की जांच में जुटा है, वहीं आसपास के इलाके में इस घटना की चर्चा बनी हुई है।