Aurangabad :पीएम आवास योजना-ग्रामीण के तहत 12 लाभुकों को मिली नए घर की चाबी, 8 को स्वीकृति पत्र
Magadh Express:प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में जिले में लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 20 अगस्त 2026 को वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूर्ण किए गए आवासों के गृह प्रवेश, लाभुकों को गृह की चाबी एवं स्वीकृति पत्र वितरण तथा बिहार को योजना के तहत नए लक्ष्य आवंटन के अवसर पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन पटना के बापू सभागार में किया गया।

राज्यस्तरीय कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री, भारत सरकार श्री शिवराज सिंह चौहान एवं बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से आवास पूर्ण कर चुके लाभुकों को उनके नवनिर्मित घरों की चाबी, स्वीकृति पत्र एवं शुभकामना संदेश प्रदान किया। इस अवसर पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिहार को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत केंद्र सरकार द्वारा लक्ष्य का आवंटन भी किया गया।

योजना भवन में हुआ लाइव प्रसारण
पटना में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिला समाहरणालय स्थित योजना भवन के सभागार में किया गया। यहां सदर विधायक श्री त्रिविक्रम नारायण सिंह, जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) सहित जिले के संबंधित पदाधिकारी एवं लाभुक मौजूद रहे और राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के उपरांत जिला स्तर पर भी प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुकों के बीच आवास पूर्ण होने के बाद गृह की चाबी, स्वीकृति पत्र एवं शुभकामना संदेश का वितरण किया गया।

12 लाभुकों को मिली चाबी, 8 को स्वीकृति पत्र
जिला स्तरीय कार्यक्रम में आज 12 लाभुकों को उनके पूर्ण हो चुके नवनिर्मित आवास की चाबी प्रदान की गई। वहीं 8 लाभुकों को स्वीकृति पत्र वितरित किया गया। चाबी मिलने के बाद लाभुकों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। लाभुकों ने पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
करीब 24 हजार लाभुक योजना से लाभान्वित
औरंगाबाद जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत लगभग 24,000 लाभुक योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा योजना के क्रियान्वयन की लगातार समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जा रहा है, ताकि पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से आवास निर्माण की सुविधा मिल सके। साथ ही आवास पूर्ण होने के बाद लाभुकों को योजना के तहत निर्धारित लाभ एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अधिकारियों ने लिया कार्यक्रम में हिस्सा
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता श्री अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता विशेष श्री सैदुल हसन खां, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री इफ्तेखार अहमद, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री श्वेतांक लाल, अनुमंडल पदाधिकारी श्री गौरव सिंह, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती श्वेता प्रियदर्शी, निदेशक डीआरडीए सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। योजना की प्रगति की नियमित निगरानी करते हुए लाभुकों को निर्धारित समयसीमा में योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास जारी है।
There is no ads to display, Please add some