औरंगाबाद :डीएम ने बाल देखरेख संस्थानों का किया निरीक्षण, बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश

0
IMG-20260820-WA0076

Magadh Express:- औरंगाबाद जिले में संचालित बाल देखरेख संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समुचित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में गठित जिला निरीक्षण समिति ने 20 अगस्त 2026 को विभिन्न बाल देखरेख संस्थानों का निरीक्षण किया।

इसी क्रम में विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान एवं सुरक्षित स्थान, औरंगाबाद की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, औरंगाबाद, सिविल सर्जन, सहायक निदेशक, बाल संरक्षण, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान), अध्यक्ष बाल कल्याण समिति (CWC), सदस्य किशोर न्याय बोर्ड (JJB) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे।


जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान संस्थानों में रह रहे बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और समुचित देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में आवासित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।


उन्होंने बच्चों की पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों की भी समीक्षा की और उनकी आयु एवं क्षमता के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक रचनात्मक एवं विकासात्मक गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा।


डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी बाल देखरेख संस्थानों में बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बच्चों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा करते हुए संस्थानों के संचालन में निर्धारित मानकों एवं प्रावधानों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।


निरीक्षण के दौरान संस्थानों की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल देखरेख संस्थानों में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।


There is no ads to display, Please add some

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed