Aurangabad:मिट्टी लदा ट्रैक्टर 20 फीट गहरे गड्ढे में पलटा, 23 वर्षीय मजदूर की मौत; उजड़ा गर्भवती पत्नी का संसार
रफीगंज से एस कुमार
Magadh Express:औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड अंतर्गत भदवाडीह गांव के समीप बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। मिट्टी लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया, जिससे उस पर सवार 23 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है।
कैसे हुई दुर्घटना?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टिकरी निवासी नीरज सिंह का ट्रैक्टर (संख्या- BR 26 GB 0788) मिट्टी लेकर गांव की ओर जा रहा था। भदवाडीह के पास ट्रैक्टर का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर सीधे 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। ट्रैक्टर के नीचे दबने से टिकरी निवासी रामजन्म पासवान के 23 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक सियाशरण पासवान के 18 वर्षीय पुत्र रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घायल रवि को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद ले जाया गया, जहाँ उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया है।

उजड़ गया घर का इकलौता सहारा
इस हादसे में जान गंवाने वाले सुनील कुमार का परिवार गहरे सदमे में है। सुनील अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। उसके परिवार में गर्भवती पत्नी, दो मासूम बेटियां और बूढ़े माता-पिता हैं। जानकारी के अनुसार, सुनील का परिवार रोजी-रोटी के लिए राजस्थान में रहकर मजदूरी करता था। परिवार के मुखिया की असामयिक मृत्यु से अब इन मासूमों के सिर से साया उठ गया है। गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों का आक्रोश
सूचना मिलते ही एसआई पप्पू पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने उचित मुआवजे और वाहन मालिक पर कार्रवाई की मांग को लेकर घंटों सड़क पर प्रदर्शन किया।

जनप्रतिनिधि ने दिया आश्वासन
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक प्रमोद कुमार सिंह शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। विधायक ने सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने के साथ-साथ वाहन मालिक से भी पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया।
थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में गम का माहौल है और पीड़ित परिवार के भविष्य को लेकर चिंताएं गहरा गई हैं।
