Aurangabad:ढिबरा थाना क्षेत्र से नशीले पदार्थों के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई: ढिबरा में 5 बीघा में लहलहा रही अफीम की खेती नष्ट, सुरक्षाबलों ने चलाया
Magadh Express:औरंगाबाद जिले में अफीम की अवैध खेती के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। ढिबरा थाना अंतर्गत बनुआ टोला (पक्कापर) के जंगली इलाकों में सुरक्षाबलों ने बड़े पैमाने पर की गई अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट कर दिया है।

संयुक्त टीम ने बोला धावा
यह ऑपरेशन गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया, जिसमें पुलिस और अर्धसैनिक बलों का बेहतर समन्वय देखने को मिला। इस अभियान में मुख्य रूप से निम्नलिखित टीमें शामिल थीं:SSB कैंप भालूहाही के जवान,ढिबरा थाना की पुलिस टीम,वन विभाग (Forest Department) के अधिकारी और कर्मी शामिल रहे ।

5 बीघा में फैली थी फसल
बताया जा रहा है कि तस्करों ने वन विभाग की दुर्गम भूमि का फायदा उठाकर लगभग 5 बीघा जमीन पर अफीम की फसल लगा रखी थी। सुरक्षाबलों ने मौके पर पहुँचकर ट्रैक्टर और अन्य उपकरणों की मदद से पूरी फसल को रौंद दिया और आग लगाकर उसे नष्ट कर दिया। अफीम की इस फसल की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है। सुरक्षाबलों की इस मुस्तैदी ने मादक पदार्थों के तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।

तस्करों की तलाश जारी
छापेमारी की भनक लगते ही खेती में संलिप्त असामाजिक तत्व जंगल का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वन विभाग के साथ मिलकर क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।इसकी जानकारी ढिबरा थानाध्यक्ष रितेश कुमार उपाध्याय ने दी है ।
